हरकीदून घाटी ट्रेक: देहरादून के छात्रों ने तीन दिवसीय शैक्षिक भ्रमण में लिया प्रकृति और रोमांच का अनुभव

har ki dun trek

 

  • नीरज उत्तराखंडी, देहरादून

देहरादून के वेलियम वाइस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सुदूरवर्ती हरकीदून घाटी में आयोजित तीन दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के दौरान प्रकृति, रोमांच और स्थानीय संस्कृति का अद्भुत अनुभव प्राप्त किया। यह भ्रमण हिमालयन हाइकर्स टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भ्रमण के दौरान छात्रों और अध्यापकों ने घाटी के मनोरम स्थलों के साथ-साथ बनिया, देवसू और बंया टॉप जैसे खूबसूरत बुग्यालों में ट्रेकिंग की। बर्फ से आच्छादित ऊंची पर्वत चोटियां, घने देवदार व भोजपत्र के जंगल, कल-कल बहती नदियां और समृद्ध जैव विविधता ने सभी प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच छात्रों ने न केवल ट्रेकिंग का आनंद लिया, बल्कि पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित की।

शनिवार को टीम ने सांकरी और सौड़ गांव का भ्रमण कर स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और रीति-रिवाजों को करीब से जाना। इस दौरान छात्रों ने ग्रामीण जीवन की सादगी, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की कला को समझा।

हिमालयन हाइकर्स टीम के प्रशिक्षु चैन सिंह रावत ने बताया कि इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को साहसिक पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने छात्रों को बंदरपूंछ पर्वत, चांगसील और केदारकांठा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी भी दी।

विद्यालय के अध्यापक अरुण शर्मा ने कहा कि हरकीदून घाटी और इसके बुग्यालों की अनुपम सुंदरता अविस्मरणीय है तथा यह भ्रमण छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा। वहीं छात्र मुकुल गौतम ने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक अनुभव बताते हुए भविष्य में भी ऐसे ट्रेकिंग अभियानों में भाग लेने की इच्छा जताई।

यह शैक्षिक भ्रमण छात्रों के लिए न केवल रोमांच और साहस से भरपूर रहा, बल्कि उन्हें प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के महत्व को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान कर गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *