
देहरादून : रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल की जमीन हड़पने के मामले में राजपुर थाना पुलिस ने उद्योगपति सुधीर कुमार विंडलास के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले नौ जनवरी को पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस महानिदेशक को दी शिकायत में लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर्ड) सोबन सिंह दानू ने बताया कि युद्ध सेवाकाल के दौरान उन्होंने दुश्मनों से लड़ते हुए एक पैर गंवा दिया था। सरकार की ओर से उन्हें जोहड़ी में मकान बनाने के लिए जमीन आवंटित की गई थी। सरकारी दस्तावेजों में लंबे समय से जमीन उनके नाम पर है। सुधीर कुमार विंडलास व उनके मैनेजर प्रशांत ने मिलीभगत कर उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से दीवार का निर्माण करा लिया। इसके अलावा साथ लगती सरकारी भूमि को भी हड़पने का प्रयास किया। एसडीएम के आदेश पर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन सुधीर कुमार व प्रशांत की ओर से दोबारा दीवार का निर्माण किया गया।
न्होंने आरोप लगाया कि सुधीर कुमार की ओर से पूर्व में भी अपने प्रतिनिधियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवा जमीन बेची गई है। थानाध्यक्ष राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि जांच के बाद सुधीर कुमार विंडलास व प्रशांत के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।